केकड़ी, 23 अप्रैल (आदित्य न्यूज नेटवर्क): शहर थाना पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के एक पुराने मामले में लंबे समय से फरार चल रहे 7500 रुपए के इनामी आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 17 नवंबर 2025 को केकड़ी सदर थाना पुलिस ने ग्राम पारा के पास एक पिकअप से 485.770 किलोग्राम डोडा चूरा जब्त किया था। इस मामले में कालू रेबारी, मिश्रीलाल जाट व गोपाल बारेठ को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। लेकिन शांतिलाल भील घटना के बाद से ही फरार चल रहा था, जिसकी गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक द्वारा इनाम घोषित किया गया था।

विशेष टीम ने पकड़ा: पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मील व पुलिस उप अधीक्षक हर्षित शर्मा के निकटतम सुपरविजन में गठित विशेष टीम ने चित्तौड़गढ़ के भाण्डाकुड़ी गांव में दबिश देकर आरोपी शान्तिलाल भील (32) पुत्र छीतर लाल भील निवासी गाण्डाकुडी थाना जायदा जिला चित्तौड़गढ़ को गिरफ्तार कर लिया। बताया जाता है कि आरोपी बेहद शातिर प्रवृत्ति का है, जो पुलिस से बचने के लिए मोबाइल का उपयोग नहीं कर रहा था व बार-बार ठिकाने बदल रहा था।

पूछताछ जारी: पुलिस टीम ने अथक प्रयास व लगन से भेष बदलकर आसूचनाएं संकलित की व घेराबंदी कर आरोपी को धर दबोचा। आरोपी को गिरफ्तार करने में केकड़ी शहर थानाधिकारी अनिल कुमार शर्मा, कांस्टेबल रामजस (विशेष योगदान) व कांस्टेबल रघुनाथ की मुख्य भूमिका रही। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी से डोडा पोस्त की तस्करी के नेटवर्क व अन्य सह-आरोपियों के संबंध में विस्तृत पूछताछ कर रही है।

