केकड़ी, 08 सितंबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): नगर पालिका चुनाव के प्रचार के अंतिम दिन सोमवार को देर शाम राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) के सुप्रीमो व सांसद हनुमान बेनीवाल ने जनसंपर्क कर पार्टी प्रत्याशियों के लिए समर्थन मांगा। उन्होंने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा व कांग्रेस दोनों दल आपस में मिले हुए हैं। इस राजनीतिक गठबंधन को समाप्त करने और आम आदमी की समस्याओं को हल करने के लिए नगर पालिका में आरएलपी प्रतिनिधियों का पहुंचना अत्यंत आवश्यक है।

मजबूती से उठाएंगे आम जनता की आवाज: सांसद बेनीवाल ने स्पष्ट किया कि पार्टी लगातार जनता के बीच रहकर जनहित के मुद्दों पर संघर्ष कर रही है। पालिका में आरएलपी के प्रतिनिधि आने से आम जनता की आवाज को और अधिक मजबूती से उठाया जाएगा। विभिन्न वार्डों में आयोजित जनसंपर्क कार्यक्रम के दौरान पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता व समर्थकों के साथ प्रत्याशी राजेंद्र चौधरी, सुमन चौधरी, दिलखुश चौधरी, पूजा माली, शमीला बानो व राजेंद्र कुमार मौजूद रहे।


