केकड़ी, 14 जुलाई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): समीपवर्ती बघेरा में हजरत शेख अल कबीर चांद उस्मान शाह रहमतुल्लाह अलैह का सालाना उर्स बुधवार को अकीदत व धार्मिक उत्साह के साथ मनाया जाएगा। कणौंज रोड स्थित दरगाह में अंजुमन उर्स कमेटी के तत्वावधान में आयोजित होने वाले इस उर्स को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मुस्लिम समाज व आसपास के क्षेत्र में आयोजन को लेकर विशेष उत्साह का माहौल है। उर्स की शुरुआत सुबह कुरान ख्वानी से होगी। इसके बाद दोपहर 2 बजे तोरण थाम इमाम चौक से चादर का भव्य जुलूस निकाला जाएगा। यह जुलूस सदर बाजार व बस स्टैंड से होते हुए दरगाह परिसर पहुंचेगा। जुलूस में बड़ी संख्या में अकीदतमंद शामिल होंगे। जुलूस के दौरान हुसैन यंग कमेटी, शेख चिराग अखाड़ा सावर, सूफी अखाड़ा जूनिया व हुसैनी अखाड़ा नासिरदा की टीमें अपने पारंपरिक हैरतअंगेज करतबों का प्रदर्शन करेंगी।

श्रद्धालुओं के लिए किया जाएगा लंगर का आयोजन: असर व मगरिब की नमाज के बीच दरगाह शरीफ में मजार पर चादर पेश की जाएगी। फातिहा ख्वानी के बाद अंजुमन उर्स कमेटी की ओर से सभी श्रद्धालुओं के लिए लंगर का आयोजन किया जाएगा। रात्रि में महफिल-ए-मिलाद का आयोजन होगा, जिसमें मकराना से हजरत अल्लामा मौलाना असलम रब्बानी, पाली से प्रसिद्ध नातख्वां जावेद रजा कादरी व स्थानीय मौलाना सईद रजा कादरी सहित कई उलेमा व नातख्वां शिरकत करेंगे। देर रात कुल की रस्म अदा किए जाने के साथ सालाना उर्स का समापन होगा।


