Thursday, October 8, 2026
Home सामाजिक विहिप व बजरंग दल के राष्ट्रव्यापी विरोध प्रदर्शन में सर्व हिंदू समाज...

विहिप व बजरंग दल के राष्ट्रव्यापी विरोध प्रदर्शन में सर्व हिंदू समाज ने दिखाई एकजुटता; सामाजिक सुरक्षा व सांस्कृतिक मूल्यों की रक्षा का लिया संकल्प

केकड़ी: राष्ट्रव्यापी प्रदर्शन के तहत धरना देते विहिप व बजरंग दल के कार्यकर्ता।

केकड़ी, 18 अप्रैल (आदित्य न्यूज नेटवर्क): विश्व हिन्दू परिषद व बजरंग दल के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार शाम को राष्ट्रव्यापी विरोध प्रदर्शन का आयोजन किया गया। जय जवान जय किसान सर्किल के पास आयोजित इस कार्यक्रम में सर्व हिन्दू समाज के लोगों ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर अपनी एकजुटता प्रदर्शित की। कार्यक्रम में विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं व आम नागरिकों की उपस्थिति रही। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने समाज में व्याप्त विभिन्न चुनौतियों के प्रति सजग रहने का संदेश दिया। वक्ताओं ने अपने संबोधन में जोर देते हुए कहा कि वर्तमान समय में सामाजिक समरसता, सुरक्षा व सांस्कृतिक मूल्यों की रक्षा के लिए सभी वर्गों को संगठित होना अनिवार्य है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ें व समाजहित में सक्रिय भूमिका निभाएं।

प्रमुख पदाधिकारियों व संगठनों की रही उपस्थिति: कार्यक्रम में विश्व हिन्दू परिषद व बजरंग दल के कई प्रमुख पदाधिकारी उपस्थित रहे, जिनमें जिला उपाध्यक्ष हीराचंद खुटेटा व चांदमल जैन, प्रखंड मंत्री रमेश शास्त्री, प्रखंड अध्यक्ष देवेन्द्र सिंह, संयोजक ज्ञान देव शर्मा व बजरंग दल जिला गौ रक्षा प्रमुख रामअवतार चौधरी प्रमुख थे। इनके अतिरिक्त एडवोकेट मुकेश शर्मा (नगर मंत्री), ओमप्रकाश सोनी (संत सेवा प्रमुख), काशीराम विजय (मंदिर प्रमुख), शम्भू सिंह (सरवाड़ प्रखंड अध्यक्ष), हेमराज सैनी, कैलाश सैनी, सिन्टू साहू, अजय शर्मा, संजय, मदन चौधरी, आकाश, महावीर विजय, ताराचंद, पृथ्वीराज जीनगर, सुभाष भाल, बिरदीचंद वैष्णव, प्रियंक दाधीच सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की।

विभिन्न संगठनों का मिला समर्थन: इस विरोध प्रदर्शन को भाजपा, विद्याभारती, शिक्षक संघ व भाग्योदेश्वर महादेव मंदिर समिति सहित विभिन्न सामाजिक व धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने अपना समर्थन दिया। सभी ने एक स्वर में समाज में शांति, सद्भाव व पारस्परिक सहयोग बनाए रखने पर बल दिया। अंत में आयोजकों ने सभी का आभार व्यक्त किया। प्रशासनिक व्यवस्थाओं के बीच यह आयोजन पूर्णतः शांतिपूर्ण व सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।