Homeक्राइम न्यूजधार्मिक कथा में चेन स्नेचिंग करने वाली दिल्ली की दो महिला चोर...

धार्मिक कथा में चेन स्नेचिंग करने वाली दिल्ली की दो महिला चोर गिरफ्तार; सोने की चेन बरामद, भीड़ का फायदा उठाकर उड़ाती थी आभूषण

केकड़ी, 17 जून (आदित्य न्यूज नेटवर्क): धार्मिक आयोजनों में भीड़ का फायदा उठाकर चोरी करने वाले गैंग के खिलाफ पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। एक कथा के दौरान महिलाओं के गले से सोने की चेन चोरी करने के मामले में सरवाड़ थाना पुलिस ने दिल्ली निवासी दो महिला आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई सोने जैसी धातु की चेन भी बरामद कर ली है। घटना के संबंध में पीड़िता माया देवी माली व विमला देवी शर्मा ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 27 मई 2026 को दोपहर में दोनों महिलाएं अमृताराम जी की कथा सुनने के लिए माली भवन गई हुई थीं। दोनों महिलाओं ने गले में सोने की चेन पहनी हुई थी। कथा के दौरान चेन उनके गले में ही थी, लेकिन जैसे ही वे कथा समाप्त होने के बाद बाहर निकलीं व गले पर हाथ लगाया, तो दोनों की चेन गायब थीं। इस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया।

सीसीटीवी व तकनीकी साक्ष्यों से खुला राज: मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला, पुलिस अधीक्षक ऊषा यादव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश मील व वृत्ताधिकारी हर्षित शर्मा के निर्देशन में एक विशेष टीम का गठन किया गया। थानाधिकारी रामपाल शर्मा के नेतृत्व में टीम ने घटनास्थल के आस-पास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। विभिन्न प्रकार के तकनीकी व वैज्ञानिक साक्ष्यों व मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में कामयाब रही। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए घटना में शामिल दोनों महिला आरोपियों चांदनी (39) पत्नी शशि निवासी बुध नगर इन्द्रपुरी मध्य दिल्ली एवं अम्बिका (38) पत्नी रमेश कुमार निवासी मदनगीर डॉ. अम्बेडकर नगर दक्षिण दिल्ली को कोटा से दस्तयाब कर लिया।

न्यायालय ने भेजा जेल: पूछताछ के बाद दोनों महिलाओं को गिरफ्तार कर पुलिस अभिरक्षा (पीसी रिमांड) में लिया गया। पूछताछ व आरोपियों की निशादेही पर पुलिस ने मामले का माल मशरूका (सोने जैसी धातु की एक चेन) बरामद करने में सफलता हासिल की। दोनों महिला आरोपियों को न्यायालय के आदेश पर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। इस वारदात का खुलासा करने व आरोपियों को गिरफ्तार करने वाली टीम में थानाधिकारी रामपाल शर्मा, एएसआई योगेश कुमार, कांस्टेबल शुभकरण, दातार सिंह, हरिराम, कमलेश व महिला कांस्टेबल चिंता शामिल रही।

RELATED ARTICLES