केकड़ी, 04 जुलाई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): सावर थाना पुलिस ने ग्राम आलोली के चरागाह से भैंसें चोरी करने के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे दो और आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। इस मामले में एक मुख्य आरोपी को पुलिस पहले ही दबोच चुकी है। थानाधिकारी बनवारीलाल मीणा ने बताया कि आलोली निवासी सन्तरा देवी ने 1 नवंबर 2025 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 26 अक्टूबर को वह अपने बाड़े से चार भैंसों को गांव के चरागाह में चराने ले गई थी। दोपहर करीब 1 बजे जब वह खाना खाने के लिए घर आई व वापस लौटकर देखा तो भैंसें गायब थी। महिला ने जब अपने भाई माहराम व देवर धनराज के साथ मवेशियों की तलाश शुरू की, तो आमली बारेठ पहुंचने पर ग्रामीणों से पता चला कि एक बिना नम्बरी सफेद रंग की पिकअप गाड़ी में 3-4 भैंसें भरकर ले जाई गई हैं। उस पिकअप को आमली बारेठ निवासी शंकर मीणा चला रहा था व गाड़ी में 2-3 अन्य लोग भी बैठे थे जो शाहपुरा की तरफ भागे थे।

दो सगे भाई चढ़े पुलिस के हत्थे: पुलिस ने पूर्व में कार्रवाई करते हुए पिकअप चालक शंकरलाल मीणा को गिरफ्तार कर लिया था। अनुसंधान के दौरान पुलिस टीम ने मामले में शेष चल रहे दो और आरोपियों को नामजद कर उनकी सरगर्मी से तलाश शुरू की। पुलिस ने दबिश देकर आरोपी मनीष कुमार (24) व उसके सगे भाई दिनेश कुमार (22) पुत्र केसरलाल मीणा निवासी भीमड़ावास, केकड़ी सदर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब आरोपियों से चोरी की गई भैंसों की बरामदगी के प्रयास कर रही है। पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मील व पुलिस उप अधीक्षक हर्षित शर्मा के निकटतम सुपरविजन में की गई इस कार्रवाई में थानाधिकारी बनवारी लाल, हैड कांस्टेबल भंवरलाल, कांस्टेबल भंवरलाल व महेंद्र कुमार ने अहम भूमिका निभाई है।
संबंधित समाचार पढ़िए…

