केकड़ी, 11 जून (आदित्य न्यूज नेटवर्क): ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाएं आज अपनी मेहनत व लगन के दम पर देश-दुनिया में परचम लहरा रही हैं। इसी कड़ी में कादेड़ा के युवा विनोद खवाल पुत्र जगदीश खवाल ने हिमालय की 12,500 फीट ऊंची दुर्गम चोटी हंगला टॉप पर पहुंचकर एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने इस कठिन ट्रेकिंग अभियान को सफलतापूर्वक पूरा कर केकड़ी सहित पूरे प्रदेश का मान बढ़ाया है।

युवाओं को दिया राष्ट्र सेवा का संदेश: विनोद खवाल ने भारत सरकार के “माई भारत” कार्यक्रम के अंतर्गत युवा प्रतिनिधि के रूप में इस अभियान में भाग लिया था। बर्फ से ढकी ऊंची पहाड़ियों, अत्यधिक ठंड व बेहद चुनौतीपूर्ण मौसम का सामना करते हुए उन्होंने हंगला टॉप की चोटी पर पहुंचकर “माई भारत” का ध्वज गर्व से लहराया। इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बनते हुए विनोद खवाल ने देश के युवाओं को राष्ट्र सेवा, अनुशासन व समर्पण के मार्ग पर चलने का संदेश दिया।


