Homeराजनीतिविकास कार्यों को गति देकर जनता को राहत दे रही सरकार; विधायक...

विकास कार्यों को गति देकर जनता को राहत दे रही सरकार; विधायक शत्रुघ्न गौतम बोले- करोड़ों की योजनाओं से चमकेगा क्षेत्र, सड़कों व जनसुविधाओं को मिलेगी नई रफ्तार

केकड़ी, 11 जून (आदित्य न्यूज नेटवर्क): विधायक शत्रुघ्न गौतम ने कहा कि क्षेत्र के सर्वांगीण विकास को गति देने के लिए लगातार कदम उठाए जा रहे हैं। उनकी सरकार शहरी और ग्रामीण विकास व प्रशासनिक सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए प्रतिबद्ध है। वे गुरुवार को नगर पालिका स्थित विधायक जनसुनवाई केन्द्र में आयोजित प्रेस वार्ता में  बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास में धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी व इसे एक नई पहचान दिलाने के प्रयास निरंतर जारी रहेंगे। इसी कड़ी में शुक्रवार से आरएसआरडीसी (RSRDC) का पीडी कार्यालय शुरू किया जा रहा है। स्थानीय स्तर पर आरएसआरडीसी का कार्यालय शुरू होने से सड़क निर्माण व रखरखाव से जुड़े कार्यों की निगरानी स्थानीय स्तर पर ही की जा सकेगी। इसके बाद आमजन को प्रशासनिक व तकनीकी कार्यों के लिए जयपुर, अजमेर या भीलवाड़ा के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।

सड़कों के कायाकल्प के लिए करोड़ों की स्वीकृति: क्षेत्र में सड़कों का जाल बिछाने की प्रतिबद्धता दोहराते हुए विधायक शत्रुघ्न गौतम ने प्रमुख सड़क परियोजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि केकड़ी-मालपुरा और केकड़ी-शाहपुरा मार्ग मार्गों के डामरीकरण के लिए 31-31 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत की गई है। इसी के साथ नायकी से सावर रोड बाईपास के डामरीकरण कार्य को गति देने के लिए 16 करोड़ रुपए मंजूर किए गए हैं। वहीं राज्य सरकार द्वारा शाहपुरा-भीलवाड़ा मार्ग के सुधार कार्य के लिए 98 करोड़ रुपए की बड़ी राशि स्वीकृत की गई है। उगाई व भराई गांवों में संपर्क सड़कों के निर्माण के लिए 9.54 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं।

फोरलेन व रिंग रोड: विधायक शत्रुघ्न गौतम ने कहा कि नसीराबाद-देवली फोरलेन सड़क परियोजना का कार्य तीन चरणों में पूरा किया जाएगा, जिसका पहला चरण इसी माह के अंत तक शुरू होने की संभावना है। इसके साथ ही केकड़ी के लिए प्रस्तावित 32 किलोमीटर लंबा रिंग रोड भी क्षेत्र के विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। इसके बनने से यातायात व्यवस्था में बड़ा सुधार होगा। शहरी क्षेत्र के इंफ्रास्ट्रक्चर को बेहतर बनाने के लिए 20 करोड़ रुपए के विकास कार्यों के टेंडर जारी किए जा चुके हैं, जिनमें मुख्य रूप से सड़क, नाली व अन्य आधारभूत ढांचे के काम शामिल हैं। इसके अतिरिक्त 25 करोड़ रुपए की एक और विस्तृत विकास योजना तैयार की गई है। धार्मिक व सामाजिक आस्था के केंद्र चारभुजानाथ मंदिर व बड़े तालाब के जीर्णोद्धार का कार्य भी शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा।

प्रशासनिक और स्वास्थ्य क्षेत्र में नए आयाम: सभी सरकारी विभागों को एक ही छत के नीचे लाने और जनता की सुविधा के लिए जल्द ही मिनी सचिवालय का निर्माण कार्य शुरू होगा। सावर में संस्कृत महाविद्यालय भवन के निर्माण पर लगभग ढाई करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। पशुधन की देखभाल के लिए अजमेर रोड पर 3.82 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले आधुनिक बहु चिकित्सीय पशु चिकित्सालय का शिलान्यास शुक्रवार को किया जाएगा। प्रेस वार्ता के दौरान शत्रुघ्न गौतम ने पूर्व विधायक डॉ. रघु शर्मा को जमकर आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि वे विकास पर चर्चा करने के लिए सदैव तैयार है। कांग्रेस को खयाली पुलाव बनाना छोड़ना होगा।

RELATED ARTICLES