केकड़ी, 27 मई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): केकड़ी लाइफ लाइन ब्लड डोनर ग्रुप के तत्वावधान में बुधवार को राजकीय जिला चिकित्सालय के ब्लड बैंक में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। जिला चिकित्सालय के ब्लड बैंक में रक्त की कमी को देखते हुए आयोजित इस शिविर में केकड़ी, जयपुर व आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में युवाओं ने पहुंचकर उत्साहपूर्वक भाग लिया। शिविर में कुल 66 रक्तदाताओं ने मानव सेवा व मानवता की मिसाल पेश करते हुए स्वेच्छा से रक्तदान किया। भीषण गर्मी के बावजूद सुबह 9 बजे से ही ब्लड बैंक में युवाओं का उत्साह देखने को मिला। देखते ही देखते रक्तदान के लिए रक्तदाताओं की लंबी कतारें लग गई। तेज धूप व भीषण गर्मी भी इन रक्तवीरों के सेवा भाव व जज्बे को कम नहीं कर सकी।

इन्होंने संभाली व्यवस्थाएं: शिविर में केकड़ी लाइफ लाइन ब्लड डोनर टीम के सदस्य अर्जुन सिंह राठौड़ सांपला, संस्थापक सुनील कुमार लोहार, राजेंद्र कुमार सेन, सुरेंद्र सिंह, बाबू लाल सेन, दशरथ सोनी, अशोक बैरवा व आरोही सेवा समिति के धर्मीचंद जोताया सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने सराहनीय सहयोग किया। शिविर को सफल बनाने में ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. लोकेश धाकड़, नर्सिंग ऑफिसर महावीर झांकल व पदम कुमार जैन, सीनियर लैब टेक्नीशियन सुरेश चंद सुराना, लैब टेक्नीशियन जय प्रकाश एवं हेल्पर लियाकत अली ने अपनी सराहनीय सेवाएं प्रदान की।

