केकड़ी, 29 अप्रैल (आदित्य न्यूज नेटवर्क): सरवाड़ थाना पुलिस ने नाबालिग छात्रा के अपहरण व दुष्कर्म के मामले में बड़ी सफलता प्राप्त की है। पुलिस टीम ने तकनीकी विश्लेषण व मुखबिरों की सहायता से पीड़िता को हैदराबाद के सिकंदराबाद से दस्तयाब किया है। साथ ही घटना के मुख्य अभियुक्त को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई है। परिजनों द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार कक्षा 12वीं की छात्रा 5 अप्रैल की रात को छत पर बने अपने कमरे में सोने गई थी, लेकिन अगली सुबह वह गायब मिली। पीड़िता के पिता ने हनुमान नामक युवक पर शक जताया था, जो अक्सर फोन कर परेशान करता था। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रकरण दर्ज कर विशेष टीम का गठन किया।

सिकंदराबाद में मिली लोकेशन: पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देशानुसार एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मील व पुलिस उप अधीक्षक हर्षित शर्मा के निकटतम सुपरविजन में गठित टीम ने मोबाइल कॉल डिटेल (CDR) और सोशल मीडिया की कड़ी निगरानी की। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम तेलंगाना के सिकंदराबाद पहुंची, जहां से नाबालिग को सुरक्षित दस्तयाब किया गया। जांच में सामने आया कि आरोपी हनुमान भादू (20) पुत्र सांवरलाल निवासी फतेहगढ़ (मसूदा) उसे बहला-फुसलाकर ले गया था।

पोक्सो एक्ट व दुष्कर्म की धाराओं में गिरफ्तारी: पुलिस ने आरोपी हनुमान भादू को अपहरण व दुष्कर्म के आरोपों में गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। इस कार्रवाई में सरवाड़ थानाधिकारी रामपाल शर्मा, एएसआई मुकेश यादव, कांस्टेबल शुभकरण, हरिराम व कमलेश की मुख्य भूमिका रही।

