केकड़ी, 03 जुलाई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): विधायक शत्रुघ्न गौतम ने कहा कि विकास की वास्तविक अवधारणा तभी चरितार्थ होती है जब धरातल पर सुदृढ़ और सुगम बुनियादी ढांचे का निर्माण हो और इसी सोच के साथ क्षेत्र में प्रगति के नए आयाम स्थापित किए जा रहे है। वे अजमेर रोड़ स्थित एक होटल में आयोजित पत्रकार वार्ता में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा आगामी 11 जुलाई को 1258 करोड़ रुपए की लागत वाली जीवनदायनी देवली-नसीराबाद फोरलेन सड़क का शिलान्यास करेंगे। यह शिलान्यास समारोह कृषि उपज मंडी परिसर में आयोजित होगा, जहां से इस वृहद परियोजना के प्रथम चरण के निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया जाएगा। पूरी परियोजना को दो वर्षों में पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है, जिससे क्षेत्र को राज्य के प्रमुख शहरों, धार्मिक स्थलों व विभिन्न राज्यों से सीधी और सुगम सड़क संपर्क सुविधा मिलेगी।

तीन चरणों में बंटा फोरलेन का काम: विधायक शत्रुघ्न गौतम ने बताया कि परियोजना के तहत प्रथम चरण में 575 करोड़ रुपए, द्वितीय चरण में 510 करोड़ रुपए तथा तृतीय चरण में 32 किलोमीटर लंबे बाईपास फोरलेन रिंग रोड का निर्माण 190 करोड़ रुपए की लागत से किया जाएगा। प्रथम चरण का कार्य एमएलडी काॅलेज से शुरू होकर सरसड़ी रोड, भीलवाडा रोड, माछोलाव तालाब, सावर रोड स्थित राधा स्वामी सत्संग भवन, गुलगांव बाईपास, खारी नदी की पुलिया, सावर व बनास नदी की पुलिया होते हुए जयपुर-कोटा मार्ग से जुड़ेगा। द्वितीय चरण अजगरा के पीछे से सरवाड़ टोल नाके तक ग्रीन फील्ड रहेगा व लोहरवाड़ा बाईपास से होते हुए नसीराबाद तक पहुंचेगा। इस चरण के टेंडर इसी वर्ष दिसंबर में जारी कर काम शुरू कर दिया जाएगा।

आधुनिक रोडवेज बस स्टैंड व बड़े तालाब का सौंदर्यकरण: विधायक शत्रुघ्न गौतम ने कहा कि क्षेत्र में आधुनिक सुविधाओं से युक्त नए रोडवेज बस स्टैंड के निर्माण के लिए विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) तैयार की जा रही है। यह नया बस स्टैंड पशु चिकित्सालय एवं पंचायत समिति की भूमि का अधिग्रहण कर बनाया जाएगा। इसके अतिरिक्त बड़े तालाब के सौंदर्यकरण के लिए प्रथम चरण में 10 करोड़ रुपए स्वीकृत हो चुके हैं व अगले चरण में 20 करोड़ रुपए और खर्च होंगे। यहां चारों ओर पाथ-वे, मनोरंजन के लिए बगीचे, बच्चों के लिए झूले व व्यायाम के आधुनिक उपकरण लगाए जाएंगे।

विपक्ष पर साधा निशाना: विधायक शत्रुघ्न गौतम ने विरोधियों पर तंज कसते हुए कहा कि गत दिनों कांग्रेस नेता उनका मजाक बना रहे थे, लेकिन मुख्यमंत्री ने 1258 करोड़ की सड़क की सौगात देकर उन्हें करारा जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि वे जनता के बीच रहकर व गरीब को गणेश मानकर विकास कार्य कर रहे हैं, जबकि पूर्ववर्ती सरकार पांच साल सत्ता बचाने के लिए होटलों में ही बंद रही। उन्होंने विधानसभा के प्रत्येक गांव में सड़कों का जाल बिछाने व लोगों को कीचड़ से मुक्ति दिलाने की बात भी कही।

केकड़ाधीश बालाजी मंदिर तक बनेगी फोरलेन: विधायक शत्रुघ्न गौतम ने बताया कि ब्यावर रोड़ से लेकर प्राचीन केकड़ाधीश बालाजी मंदिर तक श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए फोरलेन सड़क बनाने की तैयारियां अंतिम चरण में हैं, जिसके टेंडर जल्द जारी होंगे। इसके साथ ही भामाशाहों के सहयोग से मंदिर का निर्माण कार्य भी युद्ध स्तर पर चल रहा है, जो जल्द ही पूरा हो जाएगा। इस मौके पर भाजपा के सातों मण्डल के अध्यक्ष, प्रमुख पदाधिकारी, भाजपा कार्यकर्ता व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।


