केकड़ी, 20 अगस्त (आदित्य न्यूज नेटवर्क): जैन मुनि आदित्य सागर महाराज के मंगल सान्निध्य में उदयपुर में आयोजित तीन दिवसीय ‘जैन आइकन अवॉर्ड 2026’ समारोह में देश व दुनिया के विभिन्न क्षेत्रों से चयनित लगभग 60 नवोदित क्रिएटर्स को सम्मानित किया गया। इस प्रतिष्ठित आयोजन में जूनिया निवासी अभिषेक मित्तल ने आठवां स्थान प्राप्त कर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का परचम लहराया। अभिषेक मित्तल द्वारा तैयार की गई सामाजिक सरोकारों से जुड़ी शॉर्ट फिल्म ‘तनाव प्रबंधन एवं अनुकंपा’ को निर्णायकों द्वारा सराहा व चयनित किया गया। फिल्म के माध्यम से वर्तमान समय में युवाओं के बीच बढ़ते तनाव, सकारात्मक सोच तथा जरूरतमंदों के प्रति संवेदनशीलता व सहयोग की भावना जैसे महत्वपूर्ण विषयों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया है।

उज्जवल भविष्य की दी शुभकामनाएं: तीन दिवसीय इस समारोह में देश-विदेश से आए नए व प्रतिभाशाली क्रिएटर्स को उनकी रचनात्मकता, सामाजिक जागरूकता व जिनशासन की प्रभावना हेतु सम्मानित किया गया। इसी क्रम में यह उत्कृष्ट प्रदर्शन कर आठवां स्थान प्राप्त करना एक विशेष उपलब्धि है। इस अवसर पर साहित्यिक, सामाजिक व समाज से जुड़े प्रबुद्ध लोगों ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल व रचनात्मक भविष्य की शुभकामनाएं दी।

