केकड़ी, 4 मई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): सोमवार शाम रोडवेज बस स्टैंड पर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब कोटा से अजमेर जा रही एक रोडवेज बस में अचानक आग लग गई। इंजन से धुआं व लपटें उठती देख बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी के माहौल के बीच यात्री जान बचाने के लिए खिड़कियों व दरवाजों से बाहर कूदने लगे। बैटरी के तार काटकर रुकवाई आग: हादसे के वक्त बस स्टैंड पर मौजूद ऑटो चालक रईस ने सूझबूझ का परिचय दिया। जैसे ही बस में शॉर्ट सर्किट के कारण आग की लपटें दिखाई दीं, रईस ने तुरंत इंजन के पास पहुंचकर बैटरी के तार काट दिए। इस त्वरित कार्यवाही से आग वायरिंग से आगे नहीं फैल पाई व एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यदि समय रहते बैटरी को डिस्कनेक्ट नहीं किया जाता, तो पूरी बस आग की चपेट में आ सकती थी।

यात्रियों में मची आपाधापी: बस में धुआं भरते ही सवारियों के बीच भगदड़ मच गई। जिसे जहां से जगह मिली, वह वहीं से बस के बाहर निकलने की कोशिश में लग गया। कुछ मिनटों के लिए बस स्टैंड परिसर में आपाधापी व दहशत का माहौल बन गया। गनीमत रही कि हादसे में किसी भी यात्री को चोट नहीं आई है, हालांकि शॉर्ट सर्किट के कारण इंजन के आसपास की वायरिंग पूरी तरह जलकर खाक हो गई है। बड़ा हादसा टलने पर ली राहत की सांस: प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग लगने की घटना के दौरान बस स्टैंड पर काफी भीड़ थी। बस में भी क्षमता के अनुसार यात्री सवार थे। ऑटो चालक की सतर्कता व मौके पर मौजूद लोगों के सहयोग से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया। हादसे के बाद बस को स्टैंड पर ही खड़ा करवाया गया व यात्रियों को अन्य साधनों से गंतव्य के लिए रवाना किया गया।


