केकड़ी, 11 सितंबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): जैन धर्म का महापर्व पर्युषण पूर्ण भक्ति भाव व श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। इस पावन अवसर पर मंदिरों में स्नात्र पूजा, बड़ी पूजा, प्रतिक्रमण व सामायिक सहित विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों की श्रृंखला जारी है। इसी क्रम में श्री जैन श्वेताम्बर खरतरगच्छ संघ के तत्वावधान में सब्जी मण्डी स्थित श्री चन्द्रप्रभु जैन मंदिर में नवपद पूजा का आयोजन किया गया। पूजा के दौरान भजन गायकों ने सुमधुर भजनों की रसगंगा बहाई व विविध संगीतमय रागों में पूजा की संगीतमय प्रस्तुतियां दीं, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। पूजा के समापन पर महाआरती उतारी गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।

जन्म कल्याणक प्रसंग का होगा वांचन: श्री जैन श्वेताम्बर खरतरगच्छ संघ के अध्यक्ष जितेन्द्र सिंघवी ने आगामी कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि पर्व के अंतर्गत शनिवार को श्री चन्द्रप्रभु मंदिर में भगवान महावीर स्वामी के जन्म कल्याणक प्रसंग का वांचन किया जाएगा। इस दौरान माता त्रिशला के चौदह स्वप्न अवतरण का मनमोहक दृश्य प्रस्तुत किया जाएगा। कार्यक्रम के पश्चात एक भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। वहीं रात्रि में विशाल भजन संध्या का आयोजन होगा। इस विशेष अवसर पर देव प्रतिमाओं का आकर्षक श्रृंगार कर आंगी धारण कराई जाएगी।


