Homeसमाजकुंवर प्रताप सिंह बारहठ जयंती पर मेधावी प्रतिभाएं सम्मानित; विधायक शत्रुघ्न गौतम...

कुंवर प्रताप सिंह बारहठ जयंती पर मेधावी प्रतिभाएं सम्मानित; विधायक शत्रुघ्न गौतम ने दिलाया भूमि आवंटन का भरोसा, लखावत बोले- किताबों में तोड़-मरोड़ कर पेश किया गया इतिहास, नई पीढ़ी को असली गौरव बताना जरूरी

केकड़ी, 25 मई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): श्री करणी चारण संस्थान के तत्वावधान में रविवार को अमर स्वतंत्रता सेनानी कुंवर प्रताप सिंह बारहठ जयंती व प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजस्थान धरोहर संरक्षण व प्रोन्नति प्राधिकरण के अध्यक्ष ओंकार सिंह लखावत थे। विशिष्ट अतिथि के रूप में केकड़ी विधायक शत्रुघ्न गौतम, राव वीरभद्र सिंह व उपखण्ड अधिकारी सुरेश कुमार बलाई मंचासीन रहे। अध्यक्षता संस्थान के संरक्षक नाथू सिंह खिड़िया ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने कुंवर प्रताप सिंह बारहठ के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्वलन कर किया। इसके बाद संस्थान के अध्यक्ष धनराज सिंह चारण, सचिव महेंद्र सिंह आशिया, कोषाध्यक्ष भीमसिंह महियारिया व समाज बंधुओं ने अतिथियों का माल्यार्पण, साफा बंधन व स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया।

गौरवान्वित है समाज: संस्थान अध्यक्ष धनराज सिंह चारण ने स्वागत भाषण में कहा कि आज हमारा समाज कुंवर प्रताप सिंह बारहठ जैसे महान स्वतंत्रता सेनानी का वंशज होने पर गौरवान्वित महसूस करता है। उन्होंने केकड़ी में संस्थान के भवन व स्मारक के लिए भूमि आवंटन की मांग रखी, जिससे आने वाली पीढ़ी को ऐसे शूरवीरों के इतिहास की जानकारी मिलती रहे। इस दौरान विशेष योगदान के लिए समाज के वासुदेव महियारिया, गिरधर सिंह, मंगल सिंह, अर्जुन सिंह, ​बिहारीदान चारण, छीतर सिंह, अरविन्द सिंह एवं प्रकाश कंवर तथा समाज की शै​क्षणिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया।

केकड़ी: अतिथियों का स्वागत करते चारण समाज के लोग।

शोधकर्ताओं ने संजोकर रखा इतिहास: समारोह को संबोधित करते हुए राजस्थान धरोहर संरक्षण व प्रोन्नति प्राधिकरण के अध्यक्ष ओंकार सिंह लखावत ने कहा कि आज की पीढ़ी भारतीय पुरातन संस्कृति व देश के स्वाभिमान से भली-भांति परिचित नहीं है, क्योंकि पूर्ववर्ती सरकारों ने इतिहास को तोड़-मरोड़ कर शिक्षा की किताबों में लिखा। भारत का असली गौरवशाली इतिहास हमारे शोधकर्ता इतिहासकारों ने संजोकर रखा है। कुंवर प्रताप सिंह बारहठ ने मात्र 25 वर्ष की अल्पायु में मातृभूमि के लिए अपने प्राणों का बलिदान दे दिया था। लखावत ने समाज की मेधावी प्रतिभाओं को सम्मानित करते हुए युवाओं से टीका‘ (दहेज) न लेने का आह्वान किया। उन्होंने बारहठ की माता के त्याग को याद करते हुए मातृशक्ति के गौरव का भी बखान किया।

भूमि आवंटन की मांग को सरकार से जल्द करवाएंगे स्वीकृत: विशिष्ट अतिथि विधायक शत्रुघ्न गौतम ने कहा कि कुंवर प्रताप सिंह बारहठ जैसे योद्धा की जयंती केकड़ी की धरती पर मनाना हम सभी के लिए गर्व का विषय है। समाज द्वारा भूमि आवंटन की जो मांग रखी गई है, उसे त्वरित गति से सरकार के पास भिजवाया जाएगा। हमारे अग्रज ओंकार सिंह लखावत के सहयोग से इसे शीघ्र स्वीकृत करवाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने पूर्व की सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले जमीनें तो आवंटित कर दी गईं, लेकिन संस्थाओं को आवंटन पत्र तक नहीं मिले। विधायक ने सभी सम्मानित प्रतिभाओं के उज्जवल भविष्य की कामना की।

केकड़ी: कुंवर प्रताप सिंह बारहठ की जयंती समारोह में उपस्थित अतिथि एवं समाजबंधु।

ये रहे उपस्थित: समारोह को कई अन्य समाज बंधुओं ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर सेवानिवृत्त अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जसवंत सिंह राठौड़, पूर्व प्रधान होनहार सिंह राठौड़, मोडसिंह राणावत, भंवर सिंह राठौड़, पूर्व भाजपा अध्यक्ष अनिल राठी, आईटी सेल के रोहित जांगिड़, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के यशवंत बेली, सुभाष चंद्र भाल, पुखराज तोषनीवाल, शिक्षक संघ के बिरदी चंद वैष्णव, अतिरिक्त ब्लॉक शिक्षा अधिकारी विष्णु शर्मा, कैलाश चन्द जैन, कृष्ण गोपाल पांडे, गोपीकिशन वैष्णव, कैलाश चन्द्र शर्मा, भरत सिंह शाहपुरा व विनोद विजय सहित केकड़ी क्षेत्र के विभिन्न समाजों के गणमान्य नागरिक व चारण समाज के लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन बिहारी दान चारण ने किया।

RELATED ARTICLES