केकड़ी, 03 जून (आदित्य न्यूज नेटवर्क): अवैध आपराधिक गतिविधियों में लिप्त अपराधियों के विरुद्ध चलाई जा रही धरपकड़ मुहिम के तहत शहर थाना पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए सट्टा पर्ची से जुआ खेलने वाले एक सटोरिये को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सट्टा राशि व सट्टा उपकरण बरामद किए हैं। अजमेर पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मील व वृताधिकारी हर्षित शर्मा के निकटतम सुपरविजन में केकड़ी शहर थानाधिकारी अनिल कुमार शर्मा द्वारा एक स्पेशल टीम गठित की गई थी।

मुखबिर की सूचना पर दी दबिश: इस टीम को क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर निगरानी रखने व कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। स्पेशल टीम को गश्त के दौरान मुखबिर खास से सटीक सूचना मिली कि बड़े तालाब के पास स्थित बालाजी मंदिर के समीप एक युवक सट्टे की पर्ची काट रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर दबिश देकर आरोपी विष्णु सांसी (28) पुत्र बृजमोहन सांसी निवासी सांसी बस्ती को दबोच लिया।

सट्टा राशि व उपकरण बरामद: पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सट्टा पर्ची, बालपेन व 2150 रुपए की सट्टा राशि जब्त की है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ 13 आरपीजीओ के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया है। फिलहाल पुलिस आरोपी से सट्टे की खाईवाली व लगाईवाली के नेटवर्क के संबंध में गहनता से पूछताछ कर रही है। सटोरिये को दबोचने में थानाधिकारी अनिल कुमार, एएसआई मदनलाल, कानिस्टेबल पुखराज व नीरज कुमार की विशेष भूमिका रही।

